सोलन: नालागढ़ उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा में विज्ञान के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ाने के लिए एक खास प्रतियोगिता आयोजित की गई। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत यहां जूनियर और सीनियर वर्ग के छात्रों के बीच क्विज मुकाबला हुआ, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्रों ने अपने ज्ञान का लोहा मनवाया। सीनियर वर्ग की क्विज का संचालन रसायन विज्ञान के प्रवक्ता जगदीश वर्धन ने किया, जबकि जूनियर वर्ग की जिम्मेदारी विज्ञान स्नातक शिक्षिका नीलम कुमारी ने संभाली।
कड़े मुकाबले के बाद नतीजों की घोषणा की गई। सीनियर वर्ग में अक्षिता, ज्योति, परमजीत, रक्षा और दीक्षा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं, छोटे बच्चों यानी जूनियर वर्ग में तनु, कोमल और अंकिता विजेता रहीं।
इस मौके पर प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता ने विजेता छात्रों को बधाई दी। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज का दौर प्रतियोगिता का है, इसलिए हर बच्चे को ऐसी गतिविधियों में आगे आना चाहिए। उन्होंने खुशी जताई कि पंजेहरा स्कूल के बच्चे न केवल पढ़ाई में बल्कि खेलकूद में भी राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा और अन्य गतिविधियों में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के समस्त स्टाफ ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।