नालागढ़: बंद फैक्ट्री से 50 लाख की गियर बॉक्स मशीन चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

सोलन : नालागढ़ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राजपुरा रोड पर स्थित एक बंद फैक्ट्री से कीमती मशीनरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 लाख रुपये मूल्य की गियर बॉक्स मशीन बरामद कर ली है।

बीती 19 फरवरी 2026 को ‘रिकाया इंटरप्राइजिज’ के एचआर मैनेजर अनिल ठाकुर ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, 18 फरवरी की रात करीब 10 बजे 4-5 अज्ञात हमलावर फैक्ट्री परिसर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया और एक हाइड्रा मशीन की मदद से फैक्ट्री में रखी भारी-भरकम गियर बॉक्स मशीन को लोड कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो मुख्य आरोपियों को अवतार सिंह उर्फ थोना: निवासी गांव बांबिरपुर (बद्दी) और भजन: निवासी गांव ढाणा (नालागढ़) को धर दबोचा।

पुलिस ने न केवल 50 लाख की चोरी की गई मशीन बरामद की, बल्कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हाइड्रा को भी जब्त कर लिया है।

दोनों आरोपियों को आज (7 मार्च) माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य साथियों और इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों का पता लगाया जा सके। मामले में आगामी छानबीन जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।