सोलन : पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत आने वाले नालागढ़ उपमंडल के गांव बूटा पलासी में एक रिहायशी मकान के बाहर अज्ञात हमलावरों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 23 और 24 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:50 बजे की है। पीड़ित शिकायतकर्ता मनप्रीत सिंह (निवासी गांव बूटा पलासी, तहसील नालागढ़) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर के भीतर मौजूद थे, तभी अचानक बाहर गोलियां चलने की तेज आवाजें सुनाई दीं। जब वह तुरंत स्थिति का जायजा लेने बाहर पहुंचे, तो उन्होंने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों को मौके से तेजी से फरार होते हुए देखा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने कुल चार राउंड फायर किए। इनमें से दो गोलियां घर के बाहर पार्क की गई उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में जा लगीं, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दो हवाई फायर किए गए। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद नालागढ़ पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और घटनास्थल से कारतूस के चार खाली खोल बरामद किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने खुद घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का मुआयना किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साक्ष्यों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस थाना नालागढ़ में आर्म्स एक्ट एवं अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की विशेष टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच जारी है।