नाहन: अमरपुर में छिपाई हुई चाबी ढूंढकर चोरों ने दिया चोरी को अंजाम, उड़ा ले गए नकदी और नल

नाहन : वार्ड नंबर 5 (अमरपुर) में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शातिर चोरों ने नया बाज़ार स्थित ‘संजू जनरल स्टोर’ के मालिक के अमरपुर वाले मकान में किराए पर रहने वाली लड़कियों के कमरे को निशाना बनाया और नकदी सहित सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह चोरी दिन के समय हुई जब लड़कियां घर पर मौजूद नहीं थीं। आमतौर पर बहनों के बीच आपसी तालमेल के लिए कमरे की चाबी बाहर ही किसी तय जगह पर छिपाकर या छिपाकर रखी गई थी, ताकि दूसरी बहन आकर ताला खोल सके। लेकिन शातिर चोरों ने उस छिपाई हुई चाबी को ढूंढ निकाला और बड़ी आसानी से ताला खोलकर अंदर दाखिल हो गए। अंदर घुसकर चोरों ने कमरे में बने मंदिर को खंगाला और वहां रखे ₹1100 की नकदी और पीतल के 5 नल (नक्के) चुरा लिए।

चोरों ने न सिर्फ घर के अंदर हाथ साफ किया, बल्कि बाहर भी जमकर तोड़-फोड़ की। शातिर चोर घर के बाहर लगी पानी की टंकी का फ्लूट वाल्व (Float Valve) और उसकी पाइपलाइन को पूरी तरह तोड़कर अपने साथ ले गए।

लड़कियों के वापस लौटने पर जब उन्हें इस वारदात का पता चला, तो उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचित किया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों व आसपास के इनपुट्स के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।