नाहन : कुछ दिन पहले एक दुखद सड़क हादसे में असमय काल का ग्रास बने अयान सूर्या की स्मृति में आज ‘ड्रॉप ऑफ होप सोसायटी’ सिरमौर द्वारा एक भव्य ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल नाहन में किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कला के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता फैलाना था। प्रतियोगिता में पहली से लेकर दसवीं कक्षा तक के कुल 131 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से विभिन्न विषयों को कागज़ पर उकेरा।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर शाइनी और सिस्टर मिरांडा का विशेष और प्रमुख योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का संचालन बेहद सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

आयोजन के दौरान सोसायटी के प्रमुख ईशान राव ने अयान सूर्या के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने वहां मौजूद सभी बच्चों और स्टाफ को संबोधित करते हुए भावुक अपील की कि जीवन बेहद अनमोल है, इसलिए सड़क यातायात के नियमों का हमेशा सही से पालन करें और इन्हें अच्छी तरह याद रखें। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया और इससे दूर रहने की शपथ दिलाई।
ड्रॉइंग प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसके परिणाम स्वरूप विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया गया। कक्षा छठी में विवान धीमान (छठी-ए) ने पहला, सान्वी कपूर (छठी-बी) ने दूसरा और स्नेहल (छठी-बी) ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह कक्षा तीसरी में अमाइरा कश्यप (तीसरी-बी) प्रथम, डोमिनिक (तीसरी-बी) द्वितीय और यक्ष (तीसरी-बी) तृतीय स्थान पर रहे। प्राथमिक स्तर की बात करें तो प्रज्ञान सैनी (दूसरी-ए) ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि मिशिता चौहान (दूसरी-ए) दूसरे और यशिका गौर (पहली-ए) तीसरे स्थान पर रहीं। वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिता में धान्वी अग्रवाल (आठवीं-बी) ने प्रथम, सान्वी गर्ग (दसवीं-ए) ने द्वितीय और विनायक अग्रवाल (दसवीं-ए) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर स्कूल व अपने माता-पिता का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता बच्चों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया और अयान की आत्मा की शांति के लिए मौन भी रखा गया।