नाहन : शहर में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण और कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने संयुक्त रूप से अब तक का सबसे सख्त रुख अपना लिया है। नगर परिषद और प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को शहर के वार्ड नंबर 13 स्थित गोविंदगढ़ मोहल्ले से इस व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की। यह पूरी कार्रवाई दिल्ली गेट से लेकर पेट्रोल पंप (गोविंदगढ़ मोहल्ला क्षेत्र) तक चलाई गई। इस दौरान मौके पर पहुंचे नगर परिषद के पीले पंजे को देखकर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा विरोध भी देखने को मिला।
यह कार्रवाई एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान की अध्यक्षता और देखरेख में अमल में लाई गई। इस संयुक्त टीम में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार , नेशनल हाईवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल का बड़ा दस्ता मौके पर मुस्तैद रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

नेशनल हाईवे के किनारे किए गए अवैध कब्जों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम ने सड़कों व फुटपाथों पर बने अवैध शेड, टीन-तिरपाल के ढांचों और अवैध खोखों को जेसीबी की मदद से मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा, सड़क किनारे लंबे समय से लावारिस और अवैध रूप से खड़े कंडम वाहनों, लोहे के काउंटरों और रेहड़ी-फड़ियों को जब्त कर नगर परिषद की ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर ले जाया गया।
मामले की जानकारी देते हुए SDM नाहन राजीव सांख्यान और नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्रशासन द्वारा कब्जाधारियों को पूर्व में ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कब्जे नहीं हटाए गए। NH और मुख्य मार्ग के किनारे इस अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई थी, जो शहर में ट्रैफिक जाम का मुख्य कारण बन रही थी। आम जनता की पैदल आवाजाही और सुचारू यातायात के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि सड़क और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी धारकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों पर सामान न फैलाएं और न ही नालियों में गंदगी डालें। यदि दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश की गई तो सामान ज़ब्ती के साथ-साथ भारी चालान और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।