नाहन : आज के इस आधुनिक दौर में जहां अक्सर चंद रुपयों के लिए लोग अपने उसूल और रिश्ते तक दांव पर लगा देते हैं, वहीं जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में एक युवक ने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की है। सड़क किनारे मिले 60 हजार रुपयों को अपने पास रखने के बजाय, युवक ने न केवल उसके असली मालिक को ढूंढा, बल्कि पुलिस की मौजूदगी में पूरी रकम उन्हें सुरक्षित सौंप दी।
जानकारी के अनुसार, ऋतुराज नामक युवक को बीते 10 जून को मुख्य पोस्ट ऑफिस के समीप सड़क पर नोटों की एक गड्डी गिरी हुई मिली। जब उन्होंने गड्डी देखी तो उसमें 60 हजार रुपये की बड़ी रकम थी। इतनी बड़ी नकदी हाथ लगने के बाद भी ऋतुराज का ईमान नहीं डगमगाया और उन्होंने तुरंत इस रकम के असली मालिक की तलाश शुरू कर दी।

मीडिया से बातचीत करते हुए ऋतुराज ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, जिससे उन्हें पता चला कि यह पैसे पोस्ट ऑफिस में ही कार्यरत मायाराम के हैं। काफी प्रयासों के बाद ऋतुराज को मायाराम का मोबाइल नंबर हाथ लगा। इसके बाद उन्होंने तुरंत मायाराम को फोन कर नकदी सुरक्षित होने की जानकारी दी। यह फोन कॉल सुनते ही मायाराम की जान में जान आई, क्योंकि वे पैसों के गुम होने से बेहद परेशान थे।
खोई हुई धनराशि के मालिक मायाराम ने बताया कि 10 जून को वह पोस्ट ऑफिस से अपनी स्कूटी पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान अचानक स्कूटी की डिग्गी से पैसे कहीं गिर गए, जिसका उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर काफी ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने इसकी बाकायदा लिखित शिकायत गुन्नू घाट पुलिस चौकी में दर्ज करवा दी थी। लेकिन अगले ही दिन ऋतुराज के फोन ने उनकी सारी चिंता को राहत में बदल दिया।
आज ऋतुराज ने गुन्नू घाट पुलिस चौकी पहुंचकर, चौकी इंचार्ज व डीएसपी हेडक्वार्टर रमाकांत की गरिमामयी मौजूदगी में मायाराम को उनके 60 हजार रुपये सुपुर्द किए। पुलिस कर्मियों के सामने अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर मायाराम भावुक हो गए। उन्होंने ऋतुराज की इस अदम्य ईमानदारी की जमकर सराहना की और ऋतुराज के साथ-साथ गुन्नू घाट पुलिस चौकी स्टाफ व डीएसपी रमाकांत का भी विशेष आभार व्यक्त किया।
आज के समय में ऋतुराज का यह कदम समाज के लिए एक बड़ा संदेश है कि चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों, इंसानियत, सच्चाई और ईमानदारी आज भी जिंदा है।