नाहन: ऐतिहासिक दिल्ली गेट को बदरंग करने वालों के कटे चालान, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

नाहन : शहर के ऐतिहासिक स्थलों की सुंदरता को बिगाड़ने और दीवारों पर अवैध रूप से पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ नाहन नगर परिषद ने अब पूरी तरह से कमर कस ली है। इसी कड़ी में नगर परिषद ने बीते कल एक विशेष अभियान चलाते हुए सार्वजनिक और ऐतिहासिक स्थलों पर अवैध रूप से पोस्टर लगाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की और मौके पर ही उनके चालान काटे। इसके साथ ही नगर परिषद के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दीवारों पर लगे सभी अवैध पोस्टरों को मौके से तुरंत उखाड़कर साफ भी कर दिया।

लंबे समय से शहर के प्रमुख प्रवेश द्वार और ऐतिहासिक धरोहर ‘दिल्ली गेट’ पर कुछ स्थानीय लोगों और विज्ञापनदाताओं द्वारा धड़ल्ले से पोस्टर चिपकाए जा रहे थे। इस लापरवाही के कारण इस ऐतिहासिक धरोहर की खूबसूरती पूरी तरह से खराब हो रही थी और स्थानीय निवासियों में भी इसे लेकर काफी नाराजगी थी। धरोहर को पहुंच रहे नुकसान का कड़ा संज्ञान लेते हुए परिषद की टीम ने यह कार्रवाई की है।

नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीते कल चलाए गए इस औचक अभियान के दौरान तकरीबन 10 लोगों के चालान काटे गए हैं। इन सभी उल्लंघनकर्ताओं पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी यह शुरुआती कार्रवाई है, इसलिए जुर्माने की राशि कम रखी गई है ताकि लोगों को अपनी गलती सुधारने का एक मौका मिल सके।

कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार ने शहरवासियों और विज्ञापनदाताओं को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि ऐतिहासिक और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर भविष्य में कोई भी व्यक्ति दोबारा ऐतिहासिक दिल्ली गेट या शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से पोस्टर या होर्डिंग लगाता हुआ पाया गया, तो नगर परिषद इससे भी अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा। नगर परिषद ने सभी से शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।