नाहन : विधानसभा क्षेत्र की मातर पंचायत के ग्रामीण लंबे समय से सड़क की खस्ताहालत से जूझ रहे हैं। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब समस्या का हल नहीं हुआ, तो आक्रोशित ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी फरियाद लेकर जिला मुख्यालय नाहन में उपायुक्त (DC सिरमौर) से मिलने पहुंचा। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि मातर पंचायत के लिए बनाई गई सड़क की कटिंग बेहद बेतरतीब तरीके से की गई है। इसके कारण बारिश के दिनों में यहां बार-बार भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होता रहता है और हादसों का ख़तरा मंडराता रहता है। बरसात के दौरान सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बाधित हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और आम लोगों की आवाजाही ठप हो जाती है। हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान कई स्कूली बच्चे स्कूल में फंस गए थे। बच्चों को रेस्क्यू करने के लिए बुलाई गई NDRF की टीम भी इस बदहाल और बंद सड़क के कारण मौके तक नहीं पहुंच पाई, जिससे राहत कार्य में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सड़क बंद होने का सबसे बुरा असर स्थानीय किसानों पर पड़ रहा है। मातर क्षेत्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर नींबू का उत्पादन किया जाता है और किसानों की आजीविका काफी हद तक इसी नकदी फसल पर निर्भर है। सड़क की खस्ताहालत के कारण किसान अपनी नींबू की फसल को मुख्य सड़क और मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण विजय शर्मा और सुनील शर्मा ने बताया कि सड़क की इस समस्या को लेकर वे कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए DC प्रियंका वर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान निकाला जाएगा और सड़क को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि आश्वासन के बाद भी जल्द धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ, तो वे आगामी चुनावों का बहिष्कार करेंगे।