नाहन की वो विंटेज कार जो कोलकाता से एयरलिफ्ट हुई, पूर्व PM ने दिया था गिफ्ट, क्या फिर दौड़ेगी ?

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के एक प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक परिवहन परिवार की विरासत एक बार फिर सुर्खियों में है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर द्वारा 27 नवंबर 2002 को स्वर्गीय विशाल शर्मा (शालू भाई) और कुंजन शर्मा के विवाह पर उपहार स्वरूप दी गई ऐतिहासिक और दुर्लभ विंटेज कार को लेकर नाहन में उत्सुकता बढ़ गई है। कोलकाता से विशेष रूप से एयरलिफ्ट करवाकर नाहन पहुंचाई गई यह कार क्षेत्र के मोटरिंग इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।

अब इस अमूल्य हेरिटेज धरोहर को लेकर भाजपा के युवा नेता भावन शर्मा ने बड़ा कदम उठाया है। भावन शर्मा ने जानकारी दी है कि वे अपने परिवार की इस ऐतिहासिक धरोहर को जल्द ही पूरी तरह ठीक (रिपेयर व रीस्टोर) करवाएंगे। जल्द ही यह ऐतिहासिक गाड़ी नाहन की सड़कों पर पुनः दौड़ती हुई नजर आएगी, जिससे शहरवासियों और पुरानी पीढ़ी को एक ऐतिहासिक दौर की यादें ताजा करने का अवसर मिलेगा।

इस परिवार का हिमाचल प्रदेश के ट्रांसपोर्ट सेक्टर से गहरा और पुराना नाता रहा है। इतिहास के पन्नों को पलटें तो सिरमौर रियासत की सबसे पहली निजी मोटर कार वर्ष 1914 में इसी परिवार के मुखिया एवं जमींदार पंडित दुर्गा दत्त जी ने खरीदी थी। इसके बाद परिवार ने ‘शर्मा ट्रांसपोर्ट कंपनी’ के नाम से बसों का संचालन शुरू किया, जो उस दौर के अखंड भारत (Undivided India) में लाहौर तक अपनी सेवाएं देती थीं। ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री में यह अपने आप में एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक शुरुआत थी।

पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्यामा शर्मा के भतीजे स्वर्गीय विशाल शर्मा के परिवार का राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में भी अहम योगदान रहा है। वर्तमान में युवा नेता भावन शर्मा परिवार की इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जैसे कद्दावर राजनेता का इस परिवार से आत्मीय जुड़ाव और उनके द्वारा दिया गया यह विशेष विवाह उपहार इस बात का गवाह है कि यह परिवार किस उच्च प्रतिष्ठा से जुड़ा रहा है।

इस ऐतिहासिक विंटेज कार के दोबारा सड़कों पर उतरने से न केवल परिवार की पुरानी यादें जीवंत होंगी, बल्कि यह सिरमौर के ऑटोमोबाइल और परिवहन इतिहास के पन्नों में एक और शानदार अध्याय जोड़ देगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।