नाहन के इन प्रमुख क्षेत्रों में आज 7 घंटे गुल रहेगी बिजली

नाहन: शहर के विभिन्न हिस्सों में विद्युत प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए आज यानी 25 मार्च को बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत उपमंडल नाहन के अंतर्गत आने वाले कई प्रमुख क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर (DTR) की क्षमता बढ़ाने (Augmentation) का कार्य किया जाना है। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्य सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा, जिसके कारण उपभोक्ताओं को बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।

बिजली बोर्ड के एसडीओ संतोष कुमार ने बताया कि चौगान मैदान के पास स्थित डिग्री कॉलेज के पास 250 केवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर 400 केवीए का किया जाएगा, जिससे नया बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी। इसके साथ ही डीसी ऑफिस और ईवीएम वेयरहाउस के पास भी 100 केवीए के ट्रांसफार्मर को अपग्रेड कर 250 केवीए का किया जा रहा है।

इस मरम्मत और क्षमता विस्तार कार्य के चलते डीसी ऑफिस परिसर, आसपास के सरकारी कार्यालय, नया बाजार और ईवीएम वेयरहाउस के नजदीकी इलाके पूरी तरह से बिजली कट के दायरे में रहेंगे। विभाग ने जनता से सहयोग की अपील की है और कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में लोड बढ़ने की समस्या से निपटने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह सुदृढ़ीकरण कार्य अत्यंत आवश्यक है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।