नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के वार्ड नंबर 3 और 7 को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग (माल रोड से शिमला रोड) महाराणा प्रताप चौकं के साथ की हालत इन दिनों खस्ताहाल है। रास्ते में आई गहरी दरारें और जगह-जगह से टूटी सीढ़ियां किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रही हैं।
वार्ड नंबर 3 की पूर्व पार्षद नीलम सैनी ने बताया कि यह रास्ता वार्ड 3 और वार्ड 7 दोनों के अधिकार क्षेत्र में आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मार्ग को दुरुस्त करने की मांग उन्होंने नगर पालिका से कई बार की है। नीलम सैनी के अनुसार, “बीच में इस रास्ते का थोड़ा-बहुत कार्य करवाया भी गया था, लेकिन उसके बाद किसी ने इसकी सुध नहीं ली।” देखरेख के अभाव में अब यह रास्ता फिर से खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है, जिससे राहगीरों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।

माल रोड से शिमला रोड के बीच बने इस पैदल रास्ते का उपयोग रोजाना सैकड़ों लोग करते हैं। वर्तमान में रास्ते के बीचों-बीच पड़ी गहरी दरारों और उखड़े हुए पत्थरों के कारण रात के समय यहां चलना जानलेवा साबित हो सकता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।
वहीं, इस गंभीर समस्या पर प्रतिक्रिया देते हुए नगर पालिका प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि विभाग इस विषय को लेकर गंभीर है। नगर पालिका के अनुसार, तकनीकी टीम द्वारा जल्द ही इस पूरे मार्ग का मुआयना (Inspection) किया जाएगा और मरम्मत की संभावनाओं को तलाश कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू किया जाएगा।
शहरवासियों का कहना है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। बारिश के मौसम और जमीन धंसने के खतरे को देखते हुए धरातल पर जल्द काम शुरू होना चाहिए, ताकि वार्ड 3 और 7 के निवासियों को इस ‘मौत के रास्ते’ से निजात मिल सके।