नाहन के कोटड़ी गाँव पहुंची पहली बस; विधायक अजय सोलंकी ने दिखाई हरी झंडी

नाहन: जिला मुख्यालय नाहन के बिल्कुल समीप होने के बावजूद दशकों से सड़क सुविधा को तरस रहे कोटड़ी गाँव के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। जुड्डा के जौहड़ से नवनिर्मित लिंक रोड पर आज विधायक अजय सोलंकी की मौजूदगी में HRTC की बस सफलतापूर्वक गाँव तक पहुंची। इस अवसर पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ बस का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा।

विधायक अजय सोलंकी ने इस मौके पर बात करते हुए बताया कि कोटड़ी गाँव के निवासियों की यह मांग वर्षों पुरानी थी। सड़क निर्माण के पहले चरण पर 2 करोड़ 57 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क के दूसरे चरण का कार्य भी आरंभ कर दिया जाएगा। विधायक ने क्षेत्रवासियों को इस बड़ी सौगात पर बधाई देते हुए कहा कि अब ग्रामीणों को मुख्यालय तक आने-जाने में कोई असुविधा नहीं होगी।

विधायक ने जानकारी दी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 8 मार्च को अपने नाहन दौरे के दौरान इस सड़क का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। बता दें कि 8 मार्च को नाहन में राज्य स्तरीय महिला दिवस का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नाहन विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों की विकास परियोजनाओं का उपहार देंगे। विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा कांसी वाला-जाबलबाग-बनोग सड़क का भी शिलान्यास किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना पर करीब 12.5 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी, जिससे कई पंचायतों की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।