नाहन के मृदुभाषी व्यवसायी विक्रांत गुप्ता का निधन, शहर में शोक की लहर

नाहन : शहर के जाने-माने और मृदुभाषी युवा व्यवसायी विक्रांत गुप्ता का आज सुबह आकस्मिक निधन हो गया। वह 53 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार आज सुबह अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और उन्होंने अंतिम सांस ली।

विक्रांत गुप्ता नाहन के माल रोड पर बर्तन, मिक्सी और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुओं की दुकान चलाते थे। व्यापारिक जगत में वह एक मिलनसार, सरल और मृदुभाषी व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। अपने व्यवहार और ईमानदारी के कारण उन्होंने ग्राहकों और शहर के लोगों के बीच खास पहचान बनाई थी।

उनके निधन की खबर मिलते ही व्यापारियों, परिचितों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। कई लोग उनके निवास स्थान पर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। विक्रांत गुप्ता अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों के अनुसार विक्रांत गुप्ता का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे नाहन के मोक्ष धाम में किया जाएगा।

शहर के व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।