नाहन के शाही महल में भव्य सम्मान समारोह, 6 विभूतियों को किया गया सम्मानित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ऐतिहासिक रॉयल पैलेस में आज महाराजा राजेंद्र प्रकाश फाउंडेशन के तत्वावधान में एक भव्य पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली छह विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया। यह समारोह सिरमौर रियासत के अंतिम शासक महाराजा राजेंद्र प्रकाश की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसे फाउंडेशन द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को पहचान और सम्मान प्रदान करना है।

समारोह में शाही परिवार के वारिस एवं कार्यक्रम के आयोजक लक्ष राज प्रकाश सिंह ने कहा कि महाराजा राजेंद्र प्रकाश फाउंडेशन पिछले तीन वर्षों से सिरमौर के उन लोगों को सम्मानित कर रहा है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज के लिए मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहन देना और नई पीढ़ी को प्रेरित करना ही फाउंडेशन का मुख्य लक्ष्य है।

लक्ष राज प्रकाश सिंह ने यह भी जानकारी दी कि नाहन स्थित शाही महल के दरबार में एक भव्य म्यूजियम का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कार्य पिछले दो-तीन वर्षों से जारी है और शीघ्र ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। इस म्यूजियम में सिरमौर रियासत से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरें, दुर्लभ वस्तुएं और शाही इतिहास से संबंधित सामग्री प्रदर्शित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली अतीत से परिचित हो सकें।

सम्मान समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को अलग-अलग पुरस्कारों से नवाजा गया। विरासत एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए चंदन शर्मा को ‘महाराजा शमशेर प्रकाश पुरस्कार’ प्रदान किया गया, जबकि सामाजिक न्याय के लिए प्रोफेसर दाताराम शर्मा को ‘महाराजा सुरेंद्र प्रकाश पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। वीरता और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए राजेंद्र प्रसाद भट्ट को ‘महाराजा राजेंद्र प्रकाश पुरस्कार’ दिया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आईएएस यशपाल शर्मा को ‘महाराजा अमर प्रकाश पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। वहीं हिमाचल प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2025 की टॉपर मेघा कंवर को महिला सशक्तिकरण के लिए ‘राजमाता पद्मिनी देवी ऑफ जयपुर पुरस्कार’ प्रदान किया गया। खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कबड्डी खिलाड़ी ललिता ठाकुर को ‘महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

फाउंडेशन के अनुसार, यह सम्मान समारोह न केवल महान विभूतियों की स्मृति को जीवंत रखने का प्रयास है, बल्कि समाज में सेवा, नेतृत्व और उत्कृष्टता जैसे मूल्यों को भी बढ़ावा देता है। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजनों से सिरमौर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शाही इतिहास को नई पहचान मिल रही है और जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।