नाहन : जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर इंदु शर्मा ने शनिवार को बताया कि चीफ फार्मेसी ऑफिसर हेमंत शर्मा 33 वर्ष 6 माह और 6 दिन की सेवाओं के बाद आज सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके लिए आयुष विभाग में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हेमंत शर्मा ने अपने कार्यकाल की शुरुआत जीएएचसी मिल्लाह से की और बाद में कौलोवाला भूड़, बनकला, और नाहन के विभिन्न केंद्रों में फार्मेसी ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने लगभग 28 वर्षों तक जिला अधिकारी फार्मेसी महासंघ के प्रधान पद पर कार्य करते हुए संघ के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही एमजीओ के प्रधान पद पर भी वे कर्मचारी साथियों के लिए अनेक कार्य कर चुके हैं।

हेमंत कुमार शर्मा का जन्म 16 मई 1967 को गांव कौलांवाला भुड (नाहन) में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की और फिर नाहन कॉलेज से पी.यू.सी. की उपाधि हासिल की। इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के तहत अस्थल बोहर (रोहतक) से फार्मेसी में डिप्लोमा प्राप्त किया। 1985 में उन्होंने कौलांवाला भुड में प्राइवेट प्रैक्टिस शुरू की और साथ ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वैद्य विर्शाद एवं आयुर्वेद रत्न की उपाधि भी हासिल की।
अपने लंबी और समर्पित सेवा काल में हेमंत शर्मा ने न केवल फार्मेसी विभाग में उत्कृष्ट योगदान दिया, बल्कि कर्मचारी कल्याण और विभागीय विकास के लिए भी निरंतर काम किया। उनकी सेवाओं को विभाग और कर्मचारियों द्वारा सराहा जाता है।
विदाई समारोह में अधिकारी कर्मचारियों ने हेमंत शर्मा को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके स्वास्थ्य व सुख-समृद्धि की कामना की।