नाहन : सिरमौर जिले के नाहन में हुए दंगे के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाहन सदर पुलिस थाना ने गहन जांच के बाद इस मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय रोहित कुमार, पुत्र राजिन्द्र कुमार, निवासी गांव जैदरी, तहसील छछरोली (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर छह दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, ताकि दंगे की साजिश और अन्य संलिप्तता के बारे में गहनता से पूछताछ की जा सके।
उल्लेखनीय है कि यह कार्रवाई 26 जनवरी को दर्ज की गई एफआईआर संख्या के तहत की जा रही है। इससे पहले भी इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं। इन आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की दंगा भड़काने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानबूझकर चोट पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी हरियाणा के यमुनानगर जिले में विभिन्न हिंसक वारदातों में शामिल रहे हैं। आरोपी रोहित कुमार के खिलाफ छछरोली थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित दंगे का मामला पहले से विचाराधीन है। वहीं, एक अन्य आरोपी विशाल पहले ही छेड़छाड़ और मारपीट के एक मामले में सजायाफ्ता है। इसके अलावा, आरोपी आशिक के खिलाफ भी हरियाणा में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि हिमाचल प्रदेश की शांति को भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में आगे की जांच जारी है ताकि दंगे से जुड़े हर पहलू और अन्य संभावित आरोपियों का पर्दाफाश किया जा सके।