नाहन: दिल की बीमारी से जूझ रहे मरीज के लिए मसीहा बने हरजीत सिंह, पंचकूला जाकर किया रक्तदान

नाहन : सामाजिक संस्था ‘Drops of Hope Society’ (ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी) के सदस्यों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मानवता की सेवा के लिए दूरी और समय कोई बाधा नहीं है। सोसाइटी के सक्रिय सदस्य हरजीत सिंह ने एक आपातकालीन स्थिति में नाहन से पंचकूला जाकर ओ-नेगेटिव (O-) दुर्लभ रक्त समूह का दान कर एक मरीज को जीवनदान दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात को संस्था को सूचना मिली थी कि नाहन के वार्ड नंबर 5 (हाउसिंग बोर्ड) के एक निवासी अलकेमिस्ट अस्पताल, पंचकूला में उपचाराधीन हैं। मरीज का दिल का ऑपरेशन होना तय हुआ था, लेकिन हीमोग्लोबिन की भारी कमी के कारण उन्हें तुरंत ओ-नेगेटिव रक्त की आवश्यकता थी। ओ-नेगेटिव एक दुर्लभ रक्त समूह होने के कारण परिवार को इसके इंतजाम में काफी कठिनाई आ रही थी।

जैसे ही यह सूचना सोसाइटी के सदस्य हरजीत सिंह के साथ साझा की गई, उन्होंने बिना किसी देरी के रक्तदान के लिए अपनी सहमति दे दी। रात को ही मरीज के तीमारदारों से बात कराई गई और योजना बनाई गई। सोमवार सुबह हरजीत सिंह विशेष रूप से नाहन से पंचकूला स्थित अलकेमिस्ट अस्पताल पहुंचे और अपना रक्तदान किया।

हरजीत सिंह के सेवा के प्रति जज्बे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह उनके जीवन का 25वां स्वैच्छिक रक्तदान था। वे सोसाइटी के एक अत्यंत सक्रिय सदस्य हैं और किसी भी अस्पताल में, दिन हो या रात, सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। संस्था के अन्य सदस्यों ने उनके इस निस्वार्थ योगदान की सराहना करते हुए कहा कि हरजीत सिंह हर सेवा कार्य में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहते हैं।

इस सेवा कार्य के साथ ही ‘Drops of Hope Society’ ने समाज को एक कड़ा संदेश भी दिया है। संस्था ने युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे ‘चिट्टे’ जैसे जानलेवा नशे का हर स्तर पर विरोध करें। संस्था का मानना है कि रक्तदान जैसी स्वस्थ गतिविधियां युवाओं को सही मार्ग पर रहने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की प्रेरणा देती हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।