नाहन पीजी कॉलेज में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश; वंशिका, आर्यन और टीम-ए ने मारी बाजी

नाहन : डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाहन के रोड सेफ्टी क्लब द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान आयोजित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के विजेताओं को सम्मानित करने हेतु एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने की, जबकि जिला सिरमौर रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिला पुलिस थाना नाहन से मुख्य वक्ता एएसआई शांता तथा सुनीता ने भी शिरकत की और छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित भविष्य की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान डिक्लेमेशन, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन और क्विज जैसी प्रतियोगिताओं के मेधावी छात्रों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। डिक्लेमेशन में वंशिका ने प्रथम, अंजलि शर्मा ने द्वितीय और श्वेता ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग में आर्यन शर्मा अव्वल रहे, जबकि पल्लवी तोमर और तनिया मोहिंद्रा क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। इसके साथ ही, अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया, जहाँ विभागाध्यक्ष डॉ. रविकांत शर्मा और प्रोफेसर नवदीप कौर ने उपस्थित रहकर छात्रों को अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्रदान किया।

समारोह के सफल संचालन में रोड सेफ्टी क्लब के समन्वयक प्रोफेसर गोपाल भारद्वाज की मुख्य भूमिका रही, जिन्होंने मंच संचालन के साथ-साथ सभी गतिविधियों को सुचारू रूप से संपन्न करवाया। क्विज प्रतियोगिता में टीम-ए (परुल, ऋषभ, सिम्मी) ने प्रथम, टीम-सी (सनिया, फलक, वंशिका) ने द्वितीय और दूसरी टीम-सी (लव, निखिल, अंजलि) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

अंत में प्रो. गोपाल भारद्वाज ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा जागरूकता को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा ताकि समाज में सुरक्षित सड़क उपयोग की संस्कृति विकसित हो सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।