नाहन: बनकला गौशाला में एसडीएम की सर्जिकल स्ट्राइक, औचक निरीक्षण में खुली पोल!

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : समीपवर्ती क्षेत्र बनकला स्थित गौशाला की बदहाली और वहां नियमों की अनदेखी को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को एसडीएम नाहन, राजीव सांख्यान ने बनकलां गौशाला का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) किया। इस दौरान वहां भारी अनियमितताएं और बुनियादी सुविधाओं का अभाव पाया गया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि गौशाला में स्वच्छता का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। विशेष रूप से गोबर को डिस्पोज-ऑफ (Disposal) करने का कोई उचित सिस्टम वहां मौजूद नहीं था, जिससे वहां गंदगी का अंबार लगा हुआ था। इसके अलावा, बेसहारा पशुओं को रखने के लिए बनाए गए शेड की हालत भी काफी जर्जर पाई गई, जो मानकों के अनुरूप नहीं है।

एसडीएम राजीव सांख्यान ने हिल्स पोस्ट मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह पूरी तरह से एक गुप्त और औचक निरीक्षण था। उन्होंने कहा, “इस बारे में पहले से किसी को कोई जानकारी नहीं दी गई थी ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को देखा जा सके। मौके पर पाया गया कि सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों (Govt Norms) का पालन नहीं किया जा रहा है और व्यवस्था में कई गंभीर कमियां हैं।”

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि अब इस संबंध में पशुपालन विभाग (Animal Husbandry Department) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की जाएगी। तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद गौशाला प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन बेसहारा पशुओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन यदि गौशालाओं में नियमों की धज्जियां उड़ाई जाएंगी, तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।