नाहन: बिरोजा फैक्ट्री का जायजा लेने पहुंचे केहर सिंह खाची, बोले किया जाएगा आधुनिकीकरण

नाहन : बीते दिनों हुई भारी बारिश से नाहन स्थित ऐतिहासिक बिरोजा फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा था। बारिश के कारण फैक्ट्री परिसर की कई दीवारें गिर गईं और तीन मुख्य कक्ष पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

सोमवार को हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची फैक्ट्री का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। उनके साथ स्थानीय विधायक अजय सोलंकी और वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। खाची ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के निर्देश पर वे नाहन पहुंचे हैं और सरकार द्वारा शीघ्र ही इस नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाएगी।

बिरोजा फैक्ट्री के जायजा लेने पहुंचे

उन्होंने कहा, “बिरोजा फैक्ट्री प्रदेश की एक ऐतिहासिक विरासत है और इसका पुनर्निर्माण आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। राज्य सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है।” खाची ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर मुख्यालय को भेजी जाए, ताकि आवश्यक बजट की स्वीकृति दी जा सके।

विधायक अजय सोलंकी ने भी कहा कि फैक्ट्री का न केवल पुनर्निर्माण किया जाएगा, बल्कि इसे तकनीकी रूप से आधुनिक रूप भी दिया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी आपदाओं से बेहतर तरीके से निपटा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि अस्थायी तौर पर फैक्ट्री में काम पुनः शुरू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय श्रमिकों की आजीविका पर असर न पड़े।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।