नाहन: बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल लगाने पर रोक की मांग, DC को सौंपा ज्ञापन

नाहन : इंडोर स्टेडियम के भीतर प्रस्तावित बास्केटबॉल पोल स्थापित करने के फैसले पर स्थानीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने कड़ा ऐतराज जताया है। खेल अवसंरचना को नुकसान पहुँचने की आशंका जताते हुए खिलाड़ियों ने जिला उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपकर इस योजना पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने की मांग उठाई।

उपायुक्त को सौंपे गए पत्र में खिलाड़ियों ने स्पष्ट किया कि खेल सुविधाओं का विस्तार एक सराहनीय कदम है, लेकिन विशेष रूप से बैडमिंटन के लिए तैयार किए गए इनडोर परिसर में बास्केटबॉल पोल लगाना न तो तर्कसंगत है और न ही खिलाड़ियों के हित में। शहर के चौगान मैदान में बास्केटबॉल के लिए पहले से ही आउटडोर कोर्ट उपलब्ध है, जहाँ खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। ऐसे में समर्पित बैडमिंटन स्टेडियम में बास्केटबॉल का ढांचा तैयार करना प्रशासनिक संसाधनों का अनुचित उपयोग है।

खिलाड़ियों का कहना है कि इस इनडोर परिसर में अत्यंत महंगे सिंथेटिक मैट और उच्च गुणवत्ता वाली बैडमिंटन सुविधाएं स्थापित हैं। यदि यहाँ बास्केटबॉल जैसी अन्य खेल गतिविधियाँ शुरू की जाती हैं, तो इन महंगे मैट और कोर्ट को स्थायी व अपूरणीय क्षति पहुँचेगी। इससे न केवल खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास और खेल का वातावरण प्रभावित होगा, बल्कि प्रतियोगिताओं की तैयारियों में भी खलल पड़ेगा।

खिलाड़ियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि नाहन के बैडमिंटन खिलाड़ियों के भविष्य और मौजूदा खेल संपत्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बास्केटबॉल पोल लगाने के प्रस्ताव को निरस्त किया जाए, ताकि यह स्टेडियम पूरी तरह से बैडमिंटन के लिए सुरक्षित व सुचारु बना रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।