नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की डिटेक्शन टीम ने नशे के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए नाहन में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आर.टी.ओ. (RTO) ऑफिस के समीप एक किराए के कमरे से 3.20 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, कल जब डिटेक्शन टीम गश्त पर तैनात थी, तो उन्हें सूचना मिली कि आर.टी.ओ. ऑफिस के नीचे किराए के कमरे में रहने वाला एक व्यक्ति स्थानीय युवकों को नशीला पदार्थ बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी की।

पुलिस टीम ने जब कमरे की तलाशी ली, तो आरोपी के कब्जे से 3.20 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अनिल कुमार (पुत्र धनी राम), निवासी बाल्मीकि बस्ती, तहसील नाहन के रूप में हुई है, जो वर्तमान में आर.टी.ओ. दफ्तर के पास किराए पर रह रहा था।
एसपी सिरमौर ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लाया था और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। मामले की आगामी जांच जारी है।