नाहन में जल शक्ति कर्मचारी संघ के चुनाव संपन्न, रमेश शर्मा अध्यक्ष, हरविंदर महासचिव बने

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में जिला सिरमौर जल शक्ति विभाग कर्मचारी संघ (आईपीएच एनजीओ) के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया आईपीएच एनजीओ के राज्य उपाध्यक्ष गुरुदेव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें विभागीय कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर रमेश शर्मा को संघ का अध्यक्ष तथा हरविंदर को महासचिव चुना गया।

चुनाव कार्यक्रम में आईपीएच एनजीओ के राज्य अध्यक्ष एल.डी. चौहान भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग कर्मचारी संघ के चुनाव हर तीन वर्ष के अंतराल में आयोजित किए जाते हैं, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाया जा सके और संगठन को मजबूती मिल सके। उन्होंने जानकारी दी कि इस चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष, महासचिव सहित कुल छह पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया है।

नवनियुक्त अध्यक्ष रमेश शर्मा और महासचिव हरविंदर ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द ही संघ की बैठक आयोजित कर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों से जुड़ी सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर सरकार और विभागीय उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि उनका शीघ्र समाधान हो सके।

चुनाव के दौरान कर्मचारियों की लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से कर्मचारियों की पदोन्नति नहीं हो पा रही है, जिससे कर्मचारियों में रोष और असंतोष व्याप्त है। इसके अलावा सरकार के पास 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) अभी तक लंबित पड़ा है, जिसे जल्द जारी करने की मांग की गई।

इसके साथ ही छठे वेतन आयोग के लंबित एरियर को भी शीघ्र जारी करने की मांग संघ द्वारा जोरदार तरीके से उठाई गई। संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों की इन जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत प्रदान करेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।