नाहन : ब्रीडिंग सीज़न के दौरान घोंसलों से अनजाने में गिरने वाले बेजुबान पक्षियों के बच्चों को सुरक्षित जीवन देने के लिए नाहन के ऐतिहासिक रानीताल में एक विशेष जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। उम्मीद फाउंडेशन के मार्गदर्शन में काम करने वाले बच्चों के सामाजिक समूह ‘पैंथर्स क्लब’ द्वारा आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य घायल और लाचार पक्षियों को बचाना और उनका सही पालन-पोषण करना है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पैंथर्स क्लब के युवा सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें अलीजा अंसारी, अलीशा अंसारी, अलीना अंसारी, देवांशी पाठे, ईशानवी तोमर, आर्या गुप्ता, अथर्व कौशल, अमय गुप्ता, मोहम्मद अयान, मनस्वी और स्वास्तिका वर्मा शामिल रहीं। बैठक के दौरान इन बच्चों ने घोंसलों से गिरे या घायल पक्षियों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया और उनके उड़ने योग्य होने तक देखभाल करने के व्यावहारिक सुझाव साझा किए।

बैठक के अंत में सभी बच्चों ने एक भावुक और जिम्मेदार प्रण लिया। उन्होंने संकल्प किया कि शहर में कहीं भी उन्हें घोंसले से गिरा या घायल पक्षी मिलेगा, तो वे उसे सुरक्षित स्थान पर लाएंगे और जब तक वह खुद उड़ने के काबिल नहीं हो जाता, तब तक उसके दाने-पानी और पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उठाएंगे। इसके साथ ही क्लब के सदस्यों ने घोषणा की कि यदि समाज में किसी भी व्यक्ति को ऐसा कोई असहाय पक्षी मिलता है, तो पैंथर्स क्लब की टीम उसकी सहायता के लिए तुरंत मौके पर पहुंचेगी।
‘पैंथर्स क्लब’ बच्चों के लिए और बच्चों के द्वारा चलाया जाने वाला एक सामाजिक कल्याण समूह है, जो बच्चों में बचपन से ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का काम कर रहा है। इससे पहले भी इस क्लब ने गर्मियों के मौसम में एक सराहनीय अभियान चलाया था, जिसके तहत लोगों से घरों की छतों पर पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तनों में पानी रखने और बेसहारा पशुओं के लिए घर के बाहर बाल्टी में साफ पानी रखने की अपील की गई थी। क्लब के इन छोटे-छोटे प्रयासों से स्थानीय स्तर पर सैकड़ों बेजुबान जीवों को बड़ी राहत मिली है।
इस विशेष अवसर पर उम्मीद फाउंडेशन के निदेशक जावेद उल्फत भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के इस सेवा भाव, करुणा और समर्पण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का मुख्य लक्ष्य समाज में एक ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है जो पर्यावरण और अपने आसपास के जीवों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाए।