नाहन में फुटबॉल का महाकुंभ: स्वर्गीय नीरज चंदेल की स्मृति में 6 से 8 फरवरी तक सजेगा चौगान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला के ऐतिहासिक शहर नाहन में फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़े मुकाबले का मंच सजने जा रहा है। शहर के प्रसिद्ध चौगान मैदान में आगामी 6 से 8 फरवरी 2026 तक द्वितीय नीरज चंदेल मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता स्वर्गीय नीरज चंदेल की स्मृति में आयोजित की जा रही है, जिसका मुख्य ध्येय जिला सिरमौर के युवाओं को खेलों की मुख्यधारा से जोड़ना और क्षेत्र में फुटबॉल की प्रतिभाओं को एक नया मुकाम प्रदान करना है।

इस तीन दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ का विधिवत आगाज़ 6 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। प्रतियोगिता के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में नागरिक सभा नाहन के अध्यक्ष एवं व्यापार मंडल के महासचिव दिग्विजय गुप्ता शिरकत करेंगे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। टूर्नामेंट के दूसरे दिन, 7 फरवरी को सुबह 10 बजे जिला सिरमौर फुटबॉल संघ के महासचिव राकेश पहवा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहकर खेल गतिविधियों का जायजा लेंगे।

प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 8 फरवरी 2026 को दोपहर 3:00 बजे आयोजित किया जाएगा। इस समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश फुटबॉल के जनरल सेक्रेटरी, ए.आई.एफ.एफ. (AIFF) के कार्यकारी सदस्य एवं ए.आई.एफ.एफ.आई.सी. के चेयरमैन दीपक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनकी उपस्थिति इस आयोजन के महत्व को और अधिक बढ़ाती है, जो स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन में जिला फुटबॉल संघ (DFA) सिरमौर की भूमिका बेहद सराहनीय रही है। संघ के महासचिव राकेश पाहवा ने इस अवसर पर कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से जिले के उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच प्राप्त होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए गठित समिति में आशीष थापा, रमन गुप्ता, डॉ. जफर अली और ललित बंसल जैसे गणमान्य सदस्य सक्रिय रूप से अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।