नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज भाजपा जिला कार्यालय नाहन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जीएसटी रिफार्म देने हेतु आयोजित धन्यवाद सम्मेलन एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेश भर में रक्तदान, स्वच्छता जैसे अनेक सेवा प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि बूथ स्तर पर और अधिक सक्रिय होकर जनता की सही प्रकार से सेवा करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह जीएसटी रिफार्म देशहित में है, जिससे व्यापारी वर्ग और आम जनमानस दोनों को लाभ होगा। रोजमर्रा की खाने-पीने और जरूरत के सामानों की दरें घटने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जीएसटी रिफार्म के लाभों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का सिद्धांत “सेवा ही संगठन” है, इसलिए सभी कार्यकर्ता आपदा के समय सतर्क रहें और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपदा आने पर तुरंत मदद के लिए आगे आएं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय गुप्ता ने जीएसटी रिफार्म पर विस्तार से अपने विचार रखते हुए इस निर्णय को ऐतिहासिक करार दिया और प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। वहीं भाजपा एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने “आत्मनिर्भर भारत” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
सम्मेलन में भाजपा मण्डल नाहन-धारटी अध्यक्ष संजय पुंडीर, भाजपा मण्डल माता त्रिलोकपुर अध्यक्ष सुशील शर्मा और भाजपा मण्डल माता कटासन अध्यक्ष मलकीत चौधरी ने अपने-अपने मण्डलों में बूथ सशक्तिकरण और सेवा पखवाड़े के तहत चलाए जा रहे सेवा कार्यों पर रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर नाहन विधानसभा क्षेत्र के 121 बूथों के लिए भाजपा के शीर्ष महापुरुष श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र भी प्रदान किए गए। इस धन्यवाद सम्मेलन का आयोजन भाजपा मण्डल नाहन-धारटी, भाजपा मण्डल माता त्रिलोकपुर और भाजपा मण्डल माता कटासन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, प्रदेश मीडिया सह संयोजक विक्रम वर्मा, पार्षद व पूर्व पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और शहर के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।