नाहन में मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी 190 करोड़ की सौगात

नाहन: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर जिला के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान नाहन और पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्रों के लिए विकास का पिटारा खोल दिया। मुख्यमंत्री ने लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत वाली 17 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने नाहन और पांवटा साहिब को ‘स्मार्ट सिटी’ की तर्ज पर आधुनिक बिजली व्यवस्था से जोड़ने के लिए स्मार्ट ग्रिड तकनीक की नींव भी रखी।

कुल 190 करोड़ की योजनाओं में से मुख्यमंत्री ने 152 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें सबसे प्रमुख नाहन शहर (53.40 करोड़) और पांवटा साहिब (43.66 करोड़) में स्मार्ट ग्रिड तकनीक का कार्यान्वयन है, जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था अधिक विश्वसनीय और आधुनिक बनेगी। सड़क नेटवर्क को मजबूती देते हुए उन्होंने भेरों से आदि बद्री (16.04 करोड़), कांशिवाला से बिरोजा फैक्ट्री (12.36 करोड़), बर्मा पापरी-पालियों-माजरी और सैनवाला झमेरिया सहित कई अन्य लिंक रोड के सुधार एवं उन्नयन कार्यों की आधारशिला रखी। इसके अलावा नाहन में 8.42 करोड़ की लागत से बनने वाले मुख्य चिकित्सा कार्यालय (CMO Office) का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने जिला को करीब 38 करोड़ रुपये की नवनिर्मित परियोजनाओं की सौगात भी दी। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए नाहन में 3.03 करोड़ की लागत से बने टेबल टेनिस-कम-स्क्वैश कोर्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया। धौला कुआं स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान को एक बड़ा शैक्षणिक हब बनाते हुए मुख्यमंत्री ने वहां लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आवासीय खंड, ऑटोमोबाइल खंड, छात्रावास और अकादमिक खंड की दूसरी मंजिल का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कालाअंब में नए फायर पोस्ट भवन और नाहन में जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर को भी जनता को समर्पित किया गया।

विकास कार्यों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय सुनिश्चित करते हुए एफआरए (FRA) के तहत 28 पात्र परिवारों को भूमि के मालिकाना हक के पट्टे भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिरमौर जिला के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध है और इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी बड़ा सुधार आएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।