नाहन : जिला मुख्यालय नाहन स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) की अध्यक्षता में मासिक सड़क सुरक्षा बैठक तथा साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बैठक में यातायात पुलिस नाहन के अधिकारियों के साथ-साथ रोड सेफ्टी क्लब के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रस्तावित ‘रोड सेफ्टी रिंग रोड, नाहन’ परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इससे पूर्व यह मामला उपायुक्त सिरमौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी उठ चुका है। शहर में दोपहिया वाहनों की तेज गति पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर जल्द स्पीड ब्रेकर स्थापित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा, अंधे मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर रिफ्लेक्टर मिरर लगाए जाएंगे ताकि हादसों को रोका जा सके।

नाहन शहर में बस स्टैंड से गुन्नूघाट तथा दिल्ली गेट तक निजी बसों की धीमी गति के कारण बार-बार लगने वाले जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त की गई। इसके समाधान हेतु निजी बस ऑपरेटर यूनियन को यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, शहर के व्यस्त बाजारों एवं सड़कों के दोनों ओर खड़े अनधिकृत वाहनों और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने बताया कि शहर की कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए यशवंत विहार क्षेत्र में एक नई पुलिस पोस्ट स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन और रोड सेफ्टी क्लब के संयुक्त प्रयासों से नाहन नगर में यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए सड़क आवागमन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जाएगा।