नाहन : हिमाचल प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में बिजली कट की समस्या को हमेशा के लिए खत्म करने की दिशा में एक बड़ी शुरुआत हो चुकी है। राज्य के दो प्रमुख जिलों के छह बड़े औद्योगिक और आवासीय शहरों—नाहन, पांवटा साहिब, बद्दी, नालागढ़, परवाणू और सोलन में बिजली सप्लाई को पूरी तरह फॉल्ट-फ्री और 24 घंटे चालू रखने के लिए ₹275 करोड़ का एक मेगा प्रोजेक्ट धरातल पर उतारा जा रहा है। वर्ल्ड बैंक की फंडिंग से चल रहे इस प्रोजेक्ट का जिम्मा स्वास्तिक इंफ्रा लिमिटेड को सौंपा गया है, जिसके तहत अगले दो महीनों के भीतर इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के चौबीसों घंटे हाई-क्वालिटी बिजली मिलने लगेगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे आधुनिक हिस्सा नाहन के बीडीओ कार्यालय में स्थापित किया गया ‘ई-हाउस’ है, जिसका इस्तेमाल हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार किया जा रहा है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बना यह ई-हाउस असल में एक ऐसा एडवांस कंटेनर है, जो बिना किसी स्थाई सरकारी बिल्डिंग के एक पूरे सब-स्टेशन की तरह काम करता है। इस कंटेनर के भीतर 33 KV जीआईएस के 4 पैनल और 11 KV एआईएस के 7 आधुनिक पैनल फिट किए गए हैं, जिन्हें कालाअंब के अंधेरी और नाहन के शक्तिनगर सब-स्टेशन की मुख्य लाइनों से जोड़ा जा रहा है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यदि कभी एक मुख्य पावर लाइन में कोई तकनीकी खराबी आती है, तो यह सिस्टम बिना देरी किए तुरंत दूसरी लाइन से बिजली सप्लाई को चालू कर देगा।

अकेले नाहन शहर की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए पुराने पड़ चुके ट्रांसफार्मर और लाइनों को बदलकर इंफ्रास्ट्रक्चर का महा-अपग्रेड किया जा रहा है। भारी लोड को संभालने के लिए शहर में 400 KVA का एक, 630 KVA के दो और 250 KVA के 12 नए डीटीआर (ट्रांसफार्मर) स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके साथ थ्री-यूनिट वाले फोर-वे आरएमयू भी जोड़े जाएंगे। इसके अलावा ओवरलोडिंग की समस्या से निपटने के लिए पुराने शहर के 100 KVA के 43, 250 KVA के 18 और 400 KVA के 10 ट्रांसफार्मरों की क्षमता को दोगुना से तिगुना तक बढ़ाया जा रहा है। साथ ही शहर की सुरक्षा के लिए केबल आधारित 30 किलोमीटर लंबी एलटी लाइन और 33 किलोमीटर की हाई-कंडक्टर लाइन बिछाने का काम भी युद्ध स्तर पर जारी है।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर विद्युत बोर्ड सिरमौर के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र शर्मा और स्वास्तिक इंफ्रा लिमिटेड के प्रबंधक हिमांशु पोरवाल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर काम बहुत तेजी से चल रहा है। नाहन शहर को इस नए ई-हाउस से जोड़ने के लिए लगभग 27 किलोमीटर लंबी 33 KV और 11 KV की लाइनों को आपस में कनेक्ट करने का काम जुलाई महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके शुरू होते ही मौजूदा ग्रिड और ट्रांसफार्मरों पर से अतिरिक्त लोड पूरी तरह हट जाएगा, जिससे ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी और हजारों उपभोक्ताओं को ’24×7′ निर्बाध बिजली का लाभ मिलने लगेगा।