नाहन में लाल चंद प्रार्थी की जयंती पर जुटे प्रदेशभर के दिग्गज साहित्यकार और कवि!

नाहन : हिमाचल लोक संस्कृति एवं लोक साहित्य के पुरोधा स्वर्गीय लाल चंद प्रार्थी की जयंती के अवसर पर नाहन में एक भव्य राज्य स्तरीय साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिमाचल कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी शिमला तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों से आए विख्यात साहित्यकारों और कवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

समारोह की जानकारी देते हुए अकादमी की सहायक सचिव डॉ. श्यामा वर्मा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और भाषा का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में विद्वानों द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जबकि दूसरे सत्र में बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिमाचल की माटी की खुशबू और सांस्कृतिक गौरव को जीवंत कर दिया।

समारोह का एक मुख्य आकर्षण हिमाचल राज्य अभिलेखागार शिमला द्वारा लगाई गई विशेष प्रदर्शनी रही। इसमें सिरमौर रियासत और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से संबंधित अत्यंत पुरातन व दुर्लभ दस्तावेज प्रदर्शित किए गए। सहायक निदेशक मोहन ठाकुर ने बताया कि विभाग के पास वर्ष 1807 के बाद के लगभग 32,000 ऐतिहासिक दस्तावेज मौजूद हैं। इन दस्तावेजों का उपयोग देश-विदेश के शोधार्थियों द्वारा रिसर्च के लिए किया जाता है।

प्रदर्शनी के दौरान यह महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई कि विभाग अब इन दुर्लभ दस्तावेजों का एक डिजिटल पोर्टल तैयार कर रहा है। आने वाले समय में इतिहास प्रेमी और छात्र घर बैठे ही इन ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स को ऑनलाइन देख सकेंगे। इस आयोजन ने न केवल साहित्य प्रेमियों को एक मंच प्रदान किया, बल्कि युवा पीढ़ी को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास से रूबरू होने का अवसर भी दिया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।