नाहन : साहित्यिक, सांस्कृतिक, रंगमंच और समाज सेवा के क्षेत्र में पिछले 11 वर्षों से सक्रिय शंखनाद सामाजिक संगठन आगामी 22 फरवरी को एक भव्य राज्यस्तरीय साहित्यिक-सांस्कृतिक और सम्मान समारोह का आयोजन करने जा रहा है। संस्था के निदेशक डॉ. श्रीकांत अकेला, अध्यक्ष ललित शर्मा, महासचिव मो. कयूम सैय्यद और वित्त सचिव दीपराज विश्वास ने बताया कि हिमाचल प्रदेश कला साहित्य भाषा अकादमी के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को ‘सिरमौर गौरव विशिष्ट सम्मान 2026’ से नवाजा जाएगा।
इस गरिमामयी समारोह, जिसे ‘विरासत-2026’ का नाम दिया गया है, में समाज सेवा, रंगमंच, लोक संगीत, साहित्य लेखन, पर्यावरण संरक्षण, पत्रकारिता और शिक्षा जैसे अनेक क्षेत्रों में अनुकरणीय योगदान देने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर एक राज्यस्तरीय कवि सम्मेलन के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि जिला सोलन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. अजय पाठक होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध गीतकार एवं सहायक आयुक्त (राज्य कर और उत्पाद शुल्क) डी.आर. भारद्वाज करेंगे। राज्यस्तरीय कवि सम्मेलन की कमान प्रसिद्ध पहाड़ी कवि और सहायक नियंत्रक वित्त प्रताप पराशर संभालेंगे। इसके अतिरिक्त, समारोह में समाजसेवी कैप्टन रमेश चन्द चौहान, एडवोकेट जीनत खान, रोटरी क्लब अध्यक्ष मनीष जैन, साहित्यकार अनुदीप भारद्वाज और पार्षद विक्रम वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस वर्ष ‘सिरमौर गौरव’ सम्मान से नवाजे जाने वाले विशिष्टजनों में निरूपमा जोशी को शिक्षा, संस्कृति एवं संस्कार, जया चौहान को समाजसेवा एवं धर्म संस्कृति, बलबीर ठाकुर को समाजसेवा एवं संस्कृति संरक्षण, डॉ. नवीन गुप्ता को चिकित्सा सेवा तथा अजय कांत अग्रवाल को कार्य दक्षता एवं व्यवसाय के क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए चुना गया है। शिक्षा और लेखन के क्षेत्र में डॉ. विनीता पाल, कार्य दक्षता के लिए सोना चौहान, शिक्षा जगत से नरेन्द्र नेगी, धर्म एवं संस्कृति संरक्षण के लिए सुदेश सिंगला और अरावली संगठन में कार्य दक्षता हेतु डॉ. यशपाल शर्मा को सम्मानित किया जाएगा।
साहित्य और कला के क्षेत्र में विनोद शुन्य को साहित्य सेवा, सतनाम सिंह को खेल प्रतिभा, रीता ठाकुर को धर्म संस्कृति संरक्षण, सुभाष शर्मा को पत्रकारिता, वसीम खान को रंगमंच तथा विजय कुमार आजाद को पर्यावरण संरक्षण के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा। साथ ही, ग्रामीण पत्रकारिता में भेखानन्द वर्धन, साहित्य लेखन में डॉ. शबाना सैय्यद, गीत-संगीत में अनुराधा राही, लोक संस्कृति संरक्षण में जगदीश शर्मा, पत्रकारिता एवं जनसंपर्क में पंकज सिंगटा, युवा लेखक एवं पत्रकारिता में मोक्ष शर्मा और युवा समाजसेवी के रूप में आयुष कंवर को भी इस गौरवपूर्ण सूची में शामिल किया गया है।