नाहन में शिक्षकों का हल्ला बोल: क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ निकाली आग्रह रैली

नाहन : हिमाचल प्रदेश में क्लस्टर सिस्टम को लेकर शिक्षा विभाग और प्राथमिक शिक्षकों के बीच तकरार बढ़ती जा रही है। आज सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में प्राथमिक शिक्षक संघ (PTF) के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

शिक्षकों की यह ‘आग्रह रैली’ नाहन के ऐतिहासिक रानीताल से शुरू हुई। शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए प्रदर्शनकारी शिक्षक गगनभेदी नारों के साथ जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। रैली के समापन पर संघ द्वारा जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को एक मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें क्लस्टर सिस्टम को तुरंत वापस लेने की मांग की गई है।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने क्लस्टर सिस्टम पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार द्वारा 23 सितंबर 2025 को जारी की गई अधिसूचना पूरी तरह से शिक्षक विरोधी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राथमिक शिक्षक संघ इस व्यवस्था का पहले दिन से विरोध कर रहा है क्योंकि यह न केवल शिक्षा के ढांचे को प्रभावित करेगी, बल्कि सीधे तौर पर शिक्षकों के हितों पर कुठाराघात है। संघ का मानना है कि इस प्रणाली को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

शर्मा ने सरकार और शिक्षा विभाग की नीयत पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्लस्टर सिस्टम को लागू करने के पीछे की असली मंशा CHT (सेंट्रल हेड टीचर) और BPEO (ब्लॉक प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर) जैसे महत्वपूर्ण पदों को समाप्त करना है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि ये पद खत्म कर दिए जाते हैं, तो भविष्य में प्राथमिक शिक्षकों के लिए आगे बढ़ने के सभी रास्ते बंद हो जाएंगे और वे अपनी पूरी सेवा के दौरान पदोन्नति (Promotion) के लाभ से वंचित रह जाएंगे।

शिक्षकों के भविष्य पर मंडराते संकट को देखते हुए उन्होंने सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह केवल एक ‘आग्रह रैली’ है, लेकिन यदि सरकार ने अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी और क्लस्टर सिस्टम को वापस नहीं लिया, तो आने वाले समय में ये रैलियां ‘आक्रोश रैली’ का रूप ले लेंगी। उन्होंने साफ किया कि यदि विभाग ने अपना निर्णय नहीं बदला, तो सरकार को प्रदेश व्यापी उग्र आंदोलन का सामना करना पड़ेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।