नाहन: रोटेरियन मनीष जैन के नेतृत्व में रोटरी क्लब ने दिए नए आयाम, सेवा का स्वर्ण युग जारी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : रोटरी क्लब नाहन के लिए रोटरी वर्ष 2025-26 उपलब्धियों का एक नया अध्याय साबित हो रहा है। क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन मनीष जैन के कुशल नेतृत्व में संस्था ने समाज सेवा का एक ऐसा ‘स्वर्ण युग’ देखा है, जिसने पूरे क्षेत्र में रोटरी की एक सशक्त और विश्वसनीय पहचान स्थापित की है। 1978 में स्थापित इस क्लब के इतिहास में मनीष जैन पहले ऐसे अध्यक्ष हैं, जिन्हें उनके अनुभव और निष्ठा के आधार पर दूसरी बार इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है।

माँ की प्रेरणा और अटूट संकल्प
मनीष जैन के इस सेवामयी सफर के पीछे उनकी माता जी की वह प्रेरणा है, जिसमें उन्होंने अपनी जन्मस्थली के लिए कुछ करने का संकल्प दिया था। वर्ष 2001 से रोटरी के माध्यम से शुरू हुआ यह सफर आज मानवता की सेवा का पर्याय बन चुका है। मनीष जैन बताते हैं कि एक समय ऐसा भी आया जब वे गंभीर बीमारी के कारण आईसीयू में थे, लेकिन लोगों की दुआओं और ईश्वर की कृपा से उन्हें एक ‘पुनर्जन्म’ मिला, जिसे उन्होंने पूर्णतः समाज को समर्पित कर दिया है।

उपलब्धियों का शानदार सफर
मनीष जैन ने रोटरी के लगभग हर अहम पद पर अपनी सेवाएं दी हैं। वे दो बार ट्रेज़रर और दो बार सेक्रेटरी रह चुके हैं। उनके पिछले अध्यक्षीय कार्यकाल (2011-12) में क्लब को रोटरी इंटरनेशनल से ‘साइटेशन अवार्ड’ और ‘बेस्ट प्रेसिडेंट अवार्ड’ मिला। पोलियो उन्मूलन के लिए उन्हें सुप्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान द्वारा हस्ताक्षरित सम्मान भी प्राप्त हुआ। वर्ष 2023-24 में उन्हें ‘बेस्ट असिस्टेंट ट्रेनर’ के अवार्ड से भी नवाज़ा गया।

संकट के समय बने ‘संकटमोचक’
मनीष जैन ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिसाल पेश करते हुए सिरमौर के तीन मासूम बच्चों के हृदय के छेद का महंगा ऑपरेशन फोर्टिस मोहाली में निःशुल्क करवाया। वहीं, कोविड काल के दौरान उन्होंने दिल्ली के उद्यमी श्री अरविंद शर्मा के सहयोग से सराहा कोविड सेंटर में 35 लाख रुपये का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करवाकर ज़िले की बड़ी मदद की।

दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन्होंने इस वर्ष 15 जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग (आर्टिफिशियल लिम्ब्स) दिलाकर उन्हें नई ज़िंदगी दी। इसके अतिरिक्त, चाहे रेणुका जी हो या हरिपुरधार बस दुर्घटना, घायलों की मदद और राहत कार्यों के लिए वे हमेशा प्रशासन के साथ अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे।

दो बार राजकीय सम्मान से नवाजे गए
उनकी इन्ही मानवीय सेवाओं के लिए उन्हें 26 जनवरी को दो बार सम्मानित किया गया है। वर्ष 2019 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल द्वारा और हाल ही में 26 जनवरी 2026 को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया द्वारा उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और जन-कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया।

आज मनीष जैन के नेतृत्व में रोटरी क्लब नाहन शहर की सबसे विश्वसनीय समाजसेवी संस्था के रूप में उभर कर सामने आया है, जहाँ हर जरूरतमंद को मदद की गारंटी मिलती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।