नाहन: वार्ड नंबर 5 में टूटी टाइलें हटाकर नई लगाने का काम शुरू, खस्ताहाल सड़क से मिलेगी राहत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 5 में लंबे समय से खस्ताहाल पड़ी सड़क और आवाजाही की समस्या का समाधान कर दिया गया है। हाउसिंग बोर्ड को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर पुरानी और टूटी हुई टाइलों को उखाड़कर उनकी जगह नई टाइलें लगाने तथा सोलिंग व गड्ढा भरान का मरम्मत कार्य आज शुरू हो गया है।

हाउसिंग बोर्ड को जोड़ने वाला यह मार्ग दैनिक आवाजाही के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। काफी समय से सड़क की हालत खराब होने और पुरानी टाइलों के टूटने से रास्ते में गहरे गड्ढे बन गए थे। इस वजह से दोपहिया वाहनों के फिसलने और चार पहिया वाहनों के निचले हिस्से टकराकर क्षतिग्रस्त होने की समस्याएं लगातार आ रही थीं। हादसों के मंडराते खतरे से तंग आकर स्थानीय निवासियों ने वार्ड नंबर 5 की पार्षद सीमा अत्री के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।

क्षेत्रवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद सीमा अत्री ने तुरंत नगर परिषद नाहन के माध्यम से प्रशासनिक कार्रवाई शुरू करवाई। मरम्मत कार्य के दौरान पार्षद सीमा अत्री खुद मौके पर मौजूद रहीं और अपनी देखरेख में पुरानी टाइलों को हटवाकर नई टाइलें लगवाने, गड्ढों को भरकर रास्ते को समतल करने का काम शुरू करवाया। इस कार्य के शुरू होने से राहगीरों व वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी देते हुए पार्षद सीमा अत्री ने बताया कि निवासियों को हो रही दैनिक परेशानी को देखते हुए यह मरम्मत व नई टाइलें लगाने का काम फौरी (अस्थायी) राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कार्य एक या दो दिन में पूरी तरह संपन्न हो जाएगा। इसके अलावा, नगर परिषद की आगामी बैठक और बजट आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही बाकी वार्ड के अन्य हिस्सों का भी काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को दीर्घकालिक सुविधा मिल सकेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।