नाहन : कुंदन का बाग क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक सफल छापेमारी की है। कच्चा टैंक पुलिस चौकी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने रिहाइशी घर में अवैध शराब का भंडारण कर रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए जब पुलिस ने दबिश दी, तो वहां से दो पेटी अवैध देसी शराब बरामद की गई। इन बोतलों पर स्पष्ट रूप से “Only for sale in Chandigarh” अंकित था, जिससे यह साफ होता है कि शराब को तस्करी कर हिमाचल लाया गया था।
बरामद की गई शराब में किस्मों का अंतर पाया गया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, एक पेटी संतरा और दूसरी पेटी सौंफी देसी की देसी शराब थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सोनू पुत्र श्याम, को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास शराब रखने या बेचने का कोई वैध परमिट नहीं पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब को कब्जे में ले लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आरोपी की पृष्ठभूमि के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश (UP) का रहने वाला है। उसने नाहन की ही एक स्थानीय महिला से विवाह किया है, जिसका मायका शहर के कुंदन का बाग में स्थित है। फिलहाल वह वहीं से अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि इस मामले में आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत केस दर्ज किया है । पुलिस अब इस बिंदु पर गहनता से छानबीन कर रही है कि चंडीगढ़ की यह शराब नाहन तक कैसे पहुँची और क्या इस अवैध कारोबार में अन्य स्थानीय तस्करों का भी हाथ है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क की पूरी कड़ी को सुलझाया जा सके।