नाहन से उठी मांग: क्लास-4 की नौकरियों में भी मिले महिलाओं को 25% आरक्षण

नाहन: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाहन दौरे के दौरान वाल्मीकि नगर में उनका जोरदार स्वागत किया गया। शहर के महर्षि वाल्मीकि चौक पर वाल्मीकि, रविदास और सिख समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री को भव्य मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें अपनी प्रमुख समस्याओं और मांगों से अवगत करवाया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के हित में लिए गए हालिया फैसले की सराहना की, जिसमें तृतीय श्रेणी (Class-3) की नौकरियों में महिलाओं के लिए 25% आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसी तर्ज पर प्रतिनिधिमंडल ने मांग उठाई कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चतुर्थ श्रेणी (Class-4) की नौकरियों में भी इसी प्रकार का 25% आरक्षण मिलना चाहिए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं को भी रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष नाहन नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की भर्ती का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि सीएलसी (CLC) के तहत आउटसोर्स पर सफाई कर्मचारियों को रखने की ठेकेदारी प्रथा को बंद किया जाए और कर्मचारियों की नियमित रूप से भर्ती की जाए, ताकि उन्हें भविष्य की सुरक्षा मिल सके।

समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वाल्मीकि, रविदासिया और सिख बिरादरी के भूमिहीन लोगों को नाहन में जमीन खरीदने के लिए धारा 118 के नियमों में विशेष छूट प्रदान की जाए। इसके साथ ही, चकरेड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि यह स्कूल पिछले 40 वर्षों से रविदास सभा की धर्मशाला में चल रहा है, जिसके लिए स्कूल की अपनी जमीन और भवन की मांग की गई है।

वार्ड नंबर 13 के विकास को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने दो विशेष मांगें रखीं। पहली मांग वाल्मीकि नगर के प्रवेश द्वार पर एक भव्य स्वागत द्वार (Welcome Gate) बनाने की है और दूसरी मांग क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए एक नया पार्किंग पॉइंट विकसित करने की है। मुख्यमंत्री ने इन सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विजय कुमार चौरिया, राकेश चौहान, लवली चौहान, रूपेश कुमार, विजय कुमार, आनंद सिंह, लाडी सिंह, ओम प्रकाश, अमनदीप, साहिल बिडलान, ललित, तरसेम, विशाल और मनीष सहित समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।