नाहन: हिमाचल दिवस पर बच्चों ने बिखेरे कला के रंग, ‘राष्ट्र व एकता’ पर उकेरी खूबसूरत पेंटिंग्स

नाहन: आज हिमाचल दिवस और विश्व कला दिवस के उपलक्ष्य में नाहन शहर के नन्हे बच्चों के ‘पैंथर्स क्लब’ और ‘उम्मीद फाउंडेशन’ द्वारा एक शानदार चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। “राष्ट्र व एकता” विषय पर आधारित यह प्रतियोगिता शहर की ‘वॉरटाइम कॉम्बैट सिस्टम मार्शल आर्ट्स अकादमी’ में संपन्न हुई।

इस प्रतियोगिता में कुल 14 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कैनवास पर अपनी कल्पनाओं के माध्यम से देशप्रेम और एकता के रंग उकेरे। सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली इस प्रतियोगिता में बच्चों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। हिमाचल प्रदेश के विख्यात चित्रकार जितेंदर थापा ने कार्यक्रम में बतौर निर्णायक (जज) शिरकत की और बच्चों की कलाकृतियों का बारीकी से अवलोकन किया।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद निर्णायक जितेंदर थापा ने विजेताओं के नामों की घोषणा की। प्रतियोगिता में अधृत भंडारी ने अपनी बेहतरीन कलाकारी के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, देवांशी पाठे दूसरे और चिराग तीसरे स्थान पर रहे। इनके अलावा कामाक्षी, बियांका तनेजा, वैभव ठाकुर, काव्य सोइन, ईशानवी तोमर, यशिका ठाकुर, अलंकृता भंडारी, मैथिली भंडारी, सोनाक्षी, अविराज वर्मा और अयांश शर्मा सभी प्रतिभागियों के प्रयास को सराहा गया।

कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पैंथर्स क्लब के सदस्यों और उम्मीद फाउंडेशन के पदाधिकारियों मोमिना व जावेद उल्फ़त ने पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे बच्चों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही, कला के प्रति बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए अन्य सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

गौर हो कि पैंथर्स क्लब नाहन शहर के छोटे बच्चों द्वारा सामाजिक कार्यों के लिए बनाया गया एक अनूठा समूह है, जिसे उम्मीद फाउंडेशन का मार्गदर्शन प्राप्त है। यह क्लब पहले भी नाहन के विला राउंड क्षेत्र में पौधारोपण, पौधों को पानी देने और सफाई अभियान जैसे सराहनीय कार्य कर चुका है। आज के इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब की नन्ही सदस्य अलीज़ा, नाविका शर्मा, अलीशा और अलीना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।