नाहन : रंगों के त्योहार होली पर नाहन शहर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। जहाँ एक ओर युवाओं की टोलियां सड़कों पर उतरीं, वहीं दूसरी ओर नाहन ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था का मोर्चा बखूबी संभाले रखा। पुलिस की मुस्तैदी और सूझबूझ का ही नतीजा रहा कि भारी भीड़ के बावजूद शहर में किसी अप्रिय घटना या दुर्घटना की सूचना नहीं मिली।
आज सुबह से ही शहर की सड़कों पर युवाओं द्वारा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आ रहे थे। कई युवा दुपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग और यहाँ तक कि चार-चार सवार होकर घूम रहे थे। त्योहार की संवेदनशीलता को समझते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शुरुआत में बेहद संयम बरता। हुड़दंग कर रहे कई युवाओं को रोककर उन्हें नियमों का पाठ पढ़ाया गया और चेतावनी देकर छोड़ा गया।

पुलिस की नरमी के बावजूद जो लोग बार-बार नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई गई। जानकारी के अनुसार, दिनभर में लगभग 30 से 35 चालान काटे गए। सूत्रों की मानें तो ओवरस्पीडिंग और बेवजह हूटर बजाने वाले वाहन चालकों पर अब सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है और उनके चालान भी जल्द ही घर भेजे जा सकते हैं।
शहर में उमड़े जनसैलाब को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रणनीति के तहत काम किया। गोविंदगढ़, दिल्ली गेट और नो-एंट्री पॉइंट्स पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा हुआ था। ट्रैफिक पुलिस के राइडर लगातार शहर की गलियों और मुख्य मार्गों पर गश्त (Petrolling) करते रहे।
इतने बड़े हजूम को धैर्य और कुशलता से संभालना वाकई काबिले तारीफ है। ट्रैफिक पुलिस की इस सक्रियता की बदौलत ही नाहन वासियों ने सुरक्षित तरीके से होली का पर्व मनाया।