नाहन: IPH के पंप हाउसों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, SIT ने दबोचे 5 आरोपी

नाहन : जिला मुख्यालय के समीप जल शक्ति विभाग की सिंचाई योजनाओं से कीमती सामान चुराने वाले गिरोह का सिरमौर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें स्थानीय युवकों के साथ पड़ोसी राज्य हरियाणा के शातिर भी शामिल हैं।

बीती 28 फरवरी को जल शक्ति विभाग (JSV) उपमंडल नाहन के सहायक अभियंता ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि मालोंवाला, भूड़ , कून और खजूरना की लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के पंप हाउसों से भारी मात्रा में कीमती सामान चोरी हुआ है। इसमें कॉपर केबल, गेट वाल, पाइप फिटिंग और कई मोटरें शामिल थीं। इस शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर और डीएसपी ने एक SIT का गठन किया। इस टीम ने साइबर सेल, क्यूआरटी (QRT) और गुप्त सूत्रों की मदद से जांच शुरू की। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकानों से फरार थे और लोकेशन ट्रैक होने के डर से उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद रखे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन युवक स्थानीय क्षेत्रों से संबंधित हैं। इनमें 19 वर्षीय प्रिंस कुमार पुत्र अजय कुमार जो वर्तमान में नाहन तहसील के रुखड़ी (डाकघर शम्भुवाला) में रह रहा था, हालांकि वह मूल रूप से पांवटा साहिब के कुंजा मतरालियों का निवासी है। इसी क्षेत्र से 23 वर्षीय विशाल उर्फ गाफू पुत्र कुका को भी गिरफ्तार किया गया है, जो नाहन के रुखड़ी गांव का ही रहने वाला है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने पांवटा साहिब के माजरा स्थित बंगाला बस्ती निवासी 21 वर्षीय गगन पुत्र बलिन्द्र निवासी को भी दबोचा है।

इस चोरी कांड में अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसमें पड़ोसी राज्य हरियाणा के यमुनानगर जिले से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय सुलेमान उर्फ गोला पुत्र धर्मेन्द्र और 21 वर्षीय अर्पण पुत्र गब्बर के रूप में हुई है। ये दोनों ही आरोपी हरियाणा के यमुनानगर जिले के ताजेवाला (तहसील खिदराबाद) के रहने वाले हैं। ये आरोपी वारदात के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और हरियाणा के जगाधरी व प्रताप नगर जैसे विभिन्न ठिकानों पर छिपे हुए थे।

आरोपियों ने पूछताछ में अलग-अलग दिनों में पंप हाउसों से तांबा, कॉपर वायर, टूल्स, एटीएस स्टार्टर, गेट वाल और करीब 6 मोटरें चोरी करने की बात कबूली है। पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं, चोरी का सामान किसे बेचा गया और वारदात में किस वाहन का इस्तेमाल हुआ था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।