नौणी यूनिवर्सिटी में एन-जेन थीम आधारित आधुनिक डाकघर का किया शुभारंभ

Photo of author

By Hills Post

सोलन: युवाओं के लिए आधुनिक और आकर्षक सेवा स्थल विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, आज डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के परिसर में एन-जेन (नेक्स्ट जनरेशन) थीम आधारित आधुनिक डाकघर का उद्घाटन किया गया।

न्यू इंडिया की आकांक्षाओं, डिजिटल सोच, आधुनिक सुविधाओं और युवाओं की ऊर्जा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह नया डाकघर पारंपरिक डाक सेवाओं से आगे बढ़कर युवाओं के लिए एक स्मार्ट और आधुनिक सेवा केंद्र बन गया है। नौणी डाकघर देशभर में स्थापित ऐसे 100 और हिमाचल में चौथा एन-जेन डाकघर है।

इस आधुनिक सुविधा का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने किया। इस अवसर पर संजय सिंह, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, हिमाचल प्रदेश; हरजिंदर सिंह भट्टी, निदेशक डाक सेवा (हिमाचल प्रदेश) तथा संदीप धर्माणी, डाक अधीक्षक, सोलन उपस्थित रहे।

यह युवा-केंद्रित एन-जन डाकघर वाई-फाई कनेक्टिविटी, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, डिजिटल भुगतान विकल्प और आधुनिक बैठने की व्यवस्था जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा, साथ ही सभी नियमित डाक सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। युवाओं के बीच संवाद और मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए शतरंज, लूडो, जैसे इंडोर गेम्स की सुविधा भी शामिल की गई है। मौजूदा डाकघर का नवीनीकरण कर इसे विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के समीप नए स्थान पर स्थानांतरित किया गया है, जिससे यह छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक हो गया है।

डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि एन-जेन डाकघर पहल एक दूरदर्शी कदम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विश्वविद्यालय के छात्र और युवा वर्ग इस आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम डाकघर का लाभ उठाएंगे और डाक विभाग द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं का व्यापक उपयोग करेंगे। उन्होंने देश को जोड़ने में डाक विभाग की भूमिका की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर संजय सिंह ने कहा कि नौणी डाकघर को नई पीढ़ी की जीवनशैली, रुचियों और अपेक्षाओं के अनुरूप पुनः डिज़ाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह डाकघर अब एक आकर्षक, आधुनिक और युवा-केंद्रित हैंगआउट-कम-सर्विस सेंटर बन गया है। उन्होंने कहा कि एन-जेन डाकघर नागरिक सेवा वितरण में एक परिवर्तनकारी पहल है, जिसे विशेष रूप से छात्रों, युवाओं और डिजिटल पीढ़ी को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।

इससे पहले, संदीप धर्माणी ने उपस्थित स्टाफ और छात्रों का स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि नया डाकघर डाक सेवाओं को सरल बनाने के साथ-साथ संवाद और प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय और डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।