सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और फूड टेक क्लब ने शुक्रवार को कैंपस में विश्व खाद्य दिवस-2026 मनाया। इस साल की थीम आज नवाचार करें, कल का पोषण करें पर आधारित इस कार्यक्रम में स्वस्थ आहार, खाद्य सुरक्षा और इस क्षेत्र में नए व्यवसाय शुरू करने को लेकर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए कुलपति प्रो. एच.एस. बवेजा ने अच्छी सेहत के लिए संतुलित खानपान की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में अपना व्यवसाय शुरू करने की सलाह दी, क्योंकि इसमें रोजगार की बहुत संभावनाएं हैं। प्रो. बवेजा ने पर्यावरण के अनुकूल ऐसी पैकिंग बनाने पर भी बल दिया, जो खाने के पौष्टिक तत्वों को सुरक्षित रख सके।
खाद्य उद्योग के वैज्ञानिक सलाहकार अजय शर्मा ने भी कार्यक्रम में अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्रों को उद्योग की मांग समझने और नए उत्पाद विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा ने फसलों की कटाई के बाद उनके सही प्रबंधन और बर्बादी रोकने के तरीकों पर बात की। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों से न सिर्फ नुकसान कम किया जा सकता है, बल्कि किसानों की आमदनी भी बढ़ाई जा सकती है।
इस मौके पर छात्रों को जागरूक करने के लिए एक रैली निकाली गई और पोस्टर व नारा लेखन प्रतियोगिताएं भी हुईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 14 फूड स्टॉल और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी रही, जिसने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कई अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे।