सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में सोमवार को दूसरे कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव का शानदार आगाज हुआ। यह मौका बेहद खास था, क्योंकि इसमें छात्र नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। छात्रों ने दर्शकों की भूमिका निभाते हुए अपने शिक्षकों का जमकर हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने किया। उन्होंने कहा कि काम की व्यस्तता के कारण कर्मचारी अक्सर खेलों से दूर हो जाते हैं, इसलिए यह आयोजन उनके स्वास्थ्य और आपसी तालमेल के लिए बहुत जरूरी है।

इस तीन दिवसीय महोत्सव में 257 कर्मचारी भाग ले रहे हैं। इसमें औद्यानिकी, वानिकी, नेरी, थुनाग और प्रशासनिक ब्लॉक की 5 टीमें बनाई गई हैं। कर्मचारी 100 मीटर दौड़ से लेकर कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जोर-आजमाइश कर रहे हैं।
पहले दिन के मुख्य मुकाबले
पहले दिन का मुख्य आकर्षण वरिष्ठ अधिकारियों (वैधानिक अधिकारियों) की 100 मीटर दौड़ रही, जिसमें खुद कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने पहला स्थान हासिल किया। पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. डी.आर. भारद्वाज दूसरे और अनुसंधान निदेशक डॉ. संजीव चौहान तीसरे स्थान पर रहे।
100 मीटर दौड़ में (विभागाध्यक्ष) डॉ. रजनीश शर्मा (औद्यानिकी) ने पहला स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ (पुरुष, 40+) में डॉ. सुमित (औद्यानिकी) ने स्वर्ण पदक जीता। 200 मीटर दौड़ (महिला, 40+) में डॉ. अरुणा (थुनाग) ने स्वर्ण पदक जीता। जबकि 200 मीटर दौड़ (महिला, 40 से कम) में डॉ. श्रेया (वानिकी) ने स्वर्ण पदक जीता। 200 मीटर दौड़ (पुरुष, 40 से कम) में लकी (प्रशासनिक ब्लॉक) ने पहला स्थान हासिल किया।
कबड्डी (पुरुष) में प्रशासनिक ब्लॉक और वानिकी महाविद्यालय की टीमों ने अपने-अपने मैच जीते। रस्साकशी (महिला) के सेमीफाइनल में नेरी की टीम ने जीत दर्ज की।