नौहराधार में एक और वित्तीय धोखाधड़ी, जनता की मेहनत की कमाई पर संकट

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले नौहराधार क्षेत्र में बैंकिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली पर जनता का विश्वास डगमगा गया है। अगस्त 2024 में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब एक निजी बैंकिंग सोसायटी द्वारा खाताधारकों के पैसे लौटाए बिना कार्यालय खाली करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, उक्त निजी वित्तीय संस्था ने खाताधारकों को सूचित किए बिना और उनकी जमा राशि चुकाए बिना ही रातों-रात अपना कार्यालय खाली करने का प्रयास किया। जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को बैंक परिसर से सामान निकाले जाने की भनक लगी, बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब आक्रोशित लोगों ने देखा कि बैंक प्रबंधन अपना बोरिया-बिस्तर समेट रहा है।

बैंक के भागने की आशंका के चलते आक्रोशित ग्रामीणों ने बैंक परिसर में मौजूद मेज, कुर्सियां और दरवाजे जैसे सामान को अपने कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यद्यपि यह सामान उनकी जमा पूंजी के मुकाबले कुछ भी नहीं है, लेकिन वे इसे प्रबंधन को ले जाने नहीं देंगे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में वित्तीय संस्थाओं पर प्रशासनिक निगरानी का अभाव है, जिसके कारण आम जनता की गाढ़ी कमाई खतरे में पड़ रही है।

लगातार घट रही इन घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग गुहार लगाई है कि दोषी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में धोखाधड़ी की पुनरावृत्ति न हो।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।