पच्छाद: किराने की दुकान में बिक रही थी अवैध शराब, गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबोचा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने कांगरघाट स्थित एक किराने की दुकान पर छापेमारी कर अवैध रूप से बेची जा रही देसी शराब की खेप बरामद की है। मामले में दुकान मालिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बीते कल जब पच्छाद पुलिस की एक टीम टिक्कर क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विवेक शर्मा (निवासी गांव पोघाट, डाकघर बगपशोग, तहसील पच्छाद) कांगरघाट में अपनी किराने की दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने का धंधा कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कांगरघाट में संबंधित किराने की दुकान पर दबिश दी। दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस को मौके से 14 बोतलें देसी शराब बरामद हुईं, जिन्हें बेचने के लिए कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी विवेक शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों और शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।