नाहन : शिक्षा और मेहनत के बल पर सिरमौर के युवा शुभम शर्मा ने नई उपलब्धि हासिल की है। शुभम का चयन कृषि विज्ञान केंद्र चंबा में तकनीकी सहायक( Technical Assistant Gr-1, Field) पद पर हुआ है। इस पद के लिए 26 जुलाई 2025 को भर्ती प्रक्रिया हुई थी, जिसमें कुल 3 पदों पर चयन किया गया।
शुभम शर्मा की गिनती उन युवाओं में होती है जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने परिश्रम से सफलता की नई राह बनाई। उनकी प्रारंभिक शिक्षा DAV स्कूल राजगढ़ से हुई, जबकि +2 की पढ़ाई उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजगढ़ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी से बी.एससी. (हॉर्टिकल्चर) की पढ़ाई की। उच्च शिक्षा के लिए शुभम ने पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, लुधियाना का रुख किया और यहां से वेजिटेबल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल की।

गौरतलब है कि शुभम ने यह सफलता बी.एससी. के आधार पर हासिल की है। पढ़ाई के साथ-साथ वह स्वयं अध्ययन कर बागवानी विकास अधिकारी (HDO) की तैयारी भी कर रहे थे।
शुभम के पिता प्रेम चंद शर्मा पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट हैं, जबकि माता इंदिरा देवी गृहिणी हैं। उनका परिवार लाना मीयुंटा, तहसील पच्छाद से संबंध रखता है। साधारण परिवार से संबंध रखने के बावजूद शुभम की लगन और जुनून ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।
शुभम हमेशा से कुछ अलग करने की सोच रखते थे। यही कारण है कि उन्होंने अपनी पढ़ाई को सिर्फ डिग्री तक सीमित न रखकर, इसे करियर बनाने का जरिया बनाया। उनका चयन न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे पच्छाद और सिरमौर जिला के लिए गर्व का विषय है।
उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो छोटे गांव-कस्बों से निकलकर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बड़े मुकाम हासिल करना चाहते हैं।