पच्छाद पुलिस का बड़ा एक्शन: घर के अंदर चल रहा था ‘मधुशाला’ का खेल, महिला गिरफ्तार!

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक महिला को अवैध शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला अपने ही घर से शराब बेचने का अवैध धंधा संचालित कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, पच्छाद पुलिस की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और नशे की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि गांव सन्दरिया (शरेशोग), डाकघर मानगढ़ की रहने वाली रीना देवी पत्नी पिंकू राम अपने रिहायशी मकान में अवैध रूप से शराब बेचने का काम करती है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी महिला के घर पर ग्राहकों का आना-जाना लगा रहता है और तलाशी लेने पर बड़ी खेप बरामद हो सकती है।

पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला के कब्जे से 5 लीटर नाजायज कसीदशुदा शराब बरामद की। महिला शराब के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सकी, जिसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।

पुलिस थाना पच्छाद में आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला यह शराब कहाँ से लाती थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।