पच्छाद में चोरों का आतंक: प्यास बुझाने वाले पंप और केबल ले उड़े शातिर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के तहत नारग पंचायत में चोरों ने सरकारी और निजी संपत्ति पर हाथ साफ करते हुए पेयजल व्यवस्था को ठप कर दिया है। खंघोग गांव में चल रही ‘स्वजल धारा उठाऊ पेयजल योजना’ के पंप हाउस को निशाना बनाते हुए शातिरों ने ताले तोड़े और एक ही रात में दो मोटरें व बिजली की केबलें चोरी कर लीं। इसके अलावा, एक स्थानीय ग्रामीण के निजी पंप पर भी चोरों ने हाथ साफ किया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीण सतेंद्र सिंह रविवार को पंप हाउस की ओर गए। वहां उन्होंने देखा कि दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था और बिजली के तार कटे पड़े थे। पंप हाउस के भीतर स्थापित दोनों मोटरें नट-बोल्ट खोलकर गायब कर दी गई थीं। पूछताछ के दौरान पता चला कि गांव के ही अरविंद कुमार का निजी पंप भी चोरी हो चुका है। ग्रामीणों का अनुमान है कि यह चोरी कुछ दिन पहले हुई होगी, क्योंकि बारिश के कारण लोग बावड़ियों का पानी इस्तेमाल कर रहे थे और पंप हाउस की ओर जाना कम हो गया था।

इस पुरानी पेयजल योजना से गांव के लगभग 20 परिवारों को पानी की आपूर्ति होती थी। पंप चोरी होने के कारण अब ग्रामीणों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सतेंद्र सिंह, विनोद, जबर सिंह और अन्य ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस चौकी नारग में शिकायत दर्ज करवाई है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इलाके में कोई पेशेवर गिरोह सक्रिय है जो पंपों और तांबे की तारों को निशाना बना रहा है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पच्छाद पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। मौके का मुआयना करने के बाद संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।