पच्छाद में पुलिस ने 12 बोतल अवैध देसी शराब के साथ आरोपी दबोचा

नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से ले जाई जा रही 12 बोतल देसी शराब के साथ दबोचा है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना पच्छाद की एक टीम पिछले कल क्षेत्र में नियमित गश्त और कानून-व्यवस्था की जांच के लिए तैनात थी। इस दौरान टीम जब नैना टिक्कर क्षेत्र में मौजूद थी, तो पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि शोगी गांव का एक व्यक्ति अवैध शराब की खेप लेकर डिलमन की ओर जा रहा है।

गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी की पहचान सतेश कुमार (निवासी गांव शोगी, डाकघर कुज्जी, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बोरी बरामद की, जिसमें 12 बोतल देसी शराब पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब को कब्जे में ले लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी के पास इतनी भारी मात्रा में शराब ले जाने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। इसके चलते पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ थाना पच्छाद में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।