नाहन : पच्छाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस टीम ने अवैध खनन और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आज पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने गश्त के दौरान अवैध रूप से बजरी-ग्रेवर का खनन कर रहे एक जेसीबी और दो टिप्परों को पकड़ा है, साथ ही संलिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना पच्छाद की टीम गश्त के दौरान जब मुकाम जडेनुआ में सड़क के पास मौजूद थी, तो सड़क के बाईं तरफ ऊपर पहाड़ी कटी हुई दिखाई दी। मौके से जेसीबी मशीन द्वारा खुदाई करने की आवाज़ आ रही थी। जब पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची, तो पाया कि एक जेसीबी (नंबर HP16AA 2238) और एक टिप्पर (नंबर HP16AA 3587) पहाड़ी से खुदाई करके निकाली गई बजरी व ग्रेवर को मौके पर लगाए गए ढेर से भर रहे थे, जबकि एक अन्य टिप्पर (नंबर HP16AA 3852) भी वहाँ खड़ा पाया गया।

पुलिस ने जब मौके पर खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही जमीन के दस्तावेजों और कागजातों के बारे में पूछताछ की, तो वह ज़मीन सरकारी शामलात पाई गई। जाँच में सामने आया कि जेसीबी चालक नितिन चौहान, दोनों टिप्परों के चालक अजय पुण्डीर व रोहन कुमार, तथा सतीश ठाकुर, जेसीबी व टिप्पर के मालिक बृजपाल और टिप्पर से जुड़े लोगों ने आपसी मिलीभगत और षडयंत्र के तहत सरकारी शामलात भूमि पर अवैध कटाव किया है।
आरोपियों द्वारा षड्यंत्र रचकर अवैध तरीके से सरकारी शामलात जमीन पर खनन करने और ग्रेवर-बजरी की चोरी करने का मामला पूरी तरह स्पष्ट होने पर पुलिस ने उपरोक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच जारी है।